सावधान : बच्चा चोरी की अफवाह में पांच दिन में 12 से ज्यादा वारदात

images - 2026-02-19T184938.992
  •  निर्दोष बन रहे भीड़ का शिकार

झारखण्ड/राँची : राज्य में बच्चा चोरी की अफवाहों ने गंभीर रूप ले लिया है। बीते पांच दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से 12 से अधिक ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें महज शक के आधार पर भीड़ ने निर्दोष लोगों पर हमला कर दिया। ताजा मामला राजधानी रांची से आया है। जहां भीड़ ने बच्चा चोरी के संदेह में तीन लोगों को पीट दिया।

 

जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को रांची के एदलहातु इलाके में बच्चा चोरी के संदेह में तीन लोगों को भीड़ ने घेरकर पीट दिया। दो महिलाएं और एक पुरुष ऑटो से एक बच्चे के साथ जा रहे थे। बच्चा रो रहा था, तभी किसी ने बच्चा चोरी का शोर मचा दिया। अफवाह फैलते ही लोग जुटने लगे और बिना किसी पुष्टि के ऑटो रुकवाकर तीनों को नीचे उतार लिया। देखते ही देखते भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी।

 

  • पुलिस ने बचाई तीनों की जान

सूचना मिलने पर बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर तीनों को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में किसी संगठित बच्चा चोरी गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

ब्रेकिंग : महेशपुर लूटकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, दो गिरफ्तार

 

  • सोशल मीडिया पर लगातार फैल रही बच्चा चोरी की अफवाह

राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं। सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सएप पर बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। धनबाद, चतरा, जमशेदपुर, जामताड़ा, गिरिडीह, रामगढ़, लातेहार और बोकारो में भी भीड़ द्वारा संदेह के आधार पर लोगों की पिटाई की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

 

  • बच्चा चोरी के आरोप में एक व्यक्ति की हत्या

चतरा जिले के पिपरवार में तीन दिन पहले बच्चा चोरी के शक में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बाद में पता चला कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वहीं बुधवार को धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में भीड़ ने बच्चा चोर होने की अफवाह पर दो महिलाओं पर हमला कर दिया, जिन्हें पुलिस ने समय रहते बचा लिया। 16 फरवरी को बोकारो में बच्चा चोर गिरोह से जुड़े होने के आरोप में छह महिलाओं के साथ मारपीट की गई। पुलिस के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी।

  • पुलिस ने लोगों से की खास अपील

झारखण्ड पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर बिना पुष्टि के कानून हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की भी अपील की गई है।