हिरणपुर की मुख्य सड़क पर धूल का कहर, भारी वाहनों से बढ़ी परेशानी

IMG_20261031_112112

● उपायुक्त से लगाई गुहार, सड़क मरम्मत, पानी के छिड़काव और भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण की मांग

हिरणपुर (संवाददाता) : पाकुड़ ज़िले के हिरणपुर बाजार से रानीपुर मोड़ तक मुख्य सड़क पर उड़ती धूल और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से स्थानीय लोग परेशान हैं। घनी आबादी वाले इस मार्ग पर धूल के गुबार से बच्चों, बुजुर्गों, राहगीरों और दुकानदारों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

 

समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी चंदन भगत, राणा दे और विकास दास ने पाकुड़ के उपायुक्त को आवेदन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

 

आवेदन के माध्यम से लोगों ने सड़क की मरम्मत कराने, नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, विद्यालय समय में उनके परिचालन को व्यवस्थित करने तथा खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराने की मांग की है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर उड़ती धूल के कारण सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और दुकानों में धूल जमा होने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। वहीं, विद्यालयों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

 

  • अब प्रशासनिक पहल का इंतजार

मुख्य सड़क पर धूल और भारी वाहनों की समस्या ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। ऐसे में सड़क की स्थिति सुधारना, धूल पर नियंत्रण करना और भारी वाहनों के परिचालन को नियमों के अनुरूप व्यवस्थित करना जरूरी है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। अब देखना होगा कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग कब तक ठोस कदम उठाते हैं।