पूर्व विधायक दिनेश मरांडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हेमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

IMG-20260202-WA0014

 

झारखण्ड/पाकुड़, हिरणपुर : जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दिनेश मरांडी उर्फ बिट्टू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर झारखण्ड की वर्तमान जेएमएम सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी, भ्रष्टाचार और अवैध खनन को संरक्षण देने जैसे गंभीर आरोप लगाए।

 

पूर्व विधायक ने कहा कि जेएमएम सरकार के कार्यकाल में संथाल परगना क्षेत्र पूरी तरह अव्यवस्था और लूट-पाट का केंद्र बन चुका है।

 

 

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध कोयला परिचालन और बालू का गैरकानूनी खनन खुलेआम हो रहा है, खासकर पाकुड़ जिले में दिन-रात अवैध बालू ढुलाई जारी है। यह सब सरकार और प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इन अवैध गतिविधियों के पीछे सीधे तौर पर सत्ताधारी दल का हाथ है।

 

 

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री असम जाकर यह बयान दे रहे हैं कि झारखण्ड के आदिवासी असम के आदिवासियों से ज्यादा अच्छे और विकसित हैं, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में राज्य के आदिवासी इतने ही विकसित हैं, तो फिर आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव क्यों है?

 

 

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि पहले वे अपने ही विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर नजर डालें। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र बरहेट में आज भी बेहतर अस्पताल, कॉलेज, सड़क और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में दूसरे राज्यों या क्षेत्रों की तुलना करना केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास है।

 

 

श्री मरांडी ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार में विधायक और सांसद केवल जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि निजी स्वार्थ और राजनीतिक फायदे के लिए बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का इस्तेमाल आम जनता के हित में नहीं, बल्कि चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

 

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि अगर समय रहते सरकार ने अपनी नीतियों और कार्यशैली में सुधार नहीं किया, तो इसका सीधा नुकसान आदिवासी समाज और संथाल परगना की जनता को उठाना पड़ेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सच्चाई को समझें और आने वाले समय में सही निर्णय लें।

 

 

उपरोक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी संथाल परगना जयंत मंडल, भाजपा आईटी सेल के जिला प्रभारी आशीष सेन सहित पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने पूर्व विधायक के आरोपों का पुरज़ोर समर्थन किया।