“प्रोजेक्ट प्रयास” की पात्रता परीक्षा सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न

IMG-20251123-WA0006

 

• उपायुक्त ने परीक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

झारखण्ड/पाकुड़ : जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा उड़ान IAS एकेडमी, रांची के सहयोग से संचालित “प्रोजेक्ट प्रयास – हुनर से होनहार तक का सफर” के अंतर्गत जेपीएससी एवं जेएसएससी की निःशुल्क कोचिंग हेतु पात्रता परीक्षा आज के के एम कॉलेज, पाकुड़ में सफलतापूर्वक एवं पूर्णत: शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

 

 

उपायुक्त मनीष कुमार ने परीक्षा केंद्र पहुँचकर संपूर्ण परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्ष व्यवस्था, पर्यवेक्षण तंत्र, सुरक्षा तैयारी, उपस्थिति पंजी तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी तैयारी एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और उन्हें उत्साहवर्धन किया।

 

 

आज की परीक्षा में कुल 569 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 396 उपस्थित हुए, जबकि 173 अनुपस्थित रहे। परीक्षा निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

 

 

• चयनित विद्यार्थियों को मिलने वाली प्रमुख सुविधाएँ

जेपीएससी एवं जेएसएससी हेतु पूर्णत: निःशुल्क कोचिंग, अनुभवी एवं विशेषज्ञ फैकल्टी, व्यापक टेस्ट सीरीज, दैनिक उत्तर लेखन अभ्यास, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन अध्ययन सामग्री, स्मार्ट क्लासरूम सुविधा, पुस्तकालय / डिजिटल लाइब्रेरी, नियमित मॉक टेस्ट, शंका समाधान कक्षाएं।

 

 

वहीं उपायुक्त ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रयास जिले के प्रतिभावान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि पाकुड़ के अधिक से अधिक युवा सिविल सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करें। प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाएँ पूरी तरह निःशुल्क हैं—अभ्यर्थी इसका अधिकतम लाभ उठाएँ और संगठित व लक्ष्ययुक्त तैयारी करें।