शिबू सोरेन चौक पर DTO की कार्रवाई, 45 वाहनों पर लगा जुर्माना

IMG-20261023-WA0017
  • ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और हेलमेट की हुई जांच
  • यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर

पाकुड़  (संवाददाता) : जिला मुख्यालय स्थित पुराने डीसी कार्यालय के समीप शिबू सोरेन चौक पर शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) मुजाहिद अंसारी के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अब तक 45 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया है।

 

 

जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट के उपयोग, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सभी जरूरी कागजात अपने साथ रखने की हिदायत दी।

 

 

जिला परिवहन पदाधिकारी मुजाहिद अंसारी ने कहा कि वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है कि वह निर्धारित नियमों का पालन करे तथा वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखे। नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

उन्होंने कहा कि वाहन जांच का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और वाहन चालकों में कानून के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है। परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई कि वे हेलमेट का उपयोग करें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।